Lok Sabha Elections 2024 : रायबरेली पर सोनिया गांधी नहीं तो कौन? कांग्रेस ने लोकसभा के लिये अपना उम्मीदवार चुना

Sonia Gandhi

Lok Sabha Elections 2024 : उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। कांग्रेस ने भी इस बार अपनी पूरी ताकत लगा दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अजय राय काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और पार्टी संगठन में जान फूंकने के लिए राहुल गांधी एक बार फिर अमेठी से और प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी।

कांग्रेस को उम्मीद है कि पार्टी के दो शीर्ष नेताओं के आने से यूपी में उसका आधार मजबूत होगा। हाल ही में लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेश कांग्रेस की बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को यूपी से चुनाव लड़ने की मांग की है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की मांग

जब अजय राय को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था, तब भी उन्होंने मांग की थी कि राहुल गांधी एक बार फिर से अमेठी से चुनाव लड़ें, इतना ही नहीं उन्होंने प्रियंका गांधी को भी यूपी से चुनाव लड़ने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता प्रियंका गांधी को जिताने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देगा। अमेठी में कांग्रेस कार्यकर्ता भी चाहते हैं कि राहुल गांधी दोबारा यहां आएं और चुनाव लड़ें। मेरे परिवार की पारंपरिक सीट अमेठी को इस तरह छोड़ना ठीक नहीं होगा।

प्रियंका गांधी रायबरेली से लड़ सकती हैं चुनाव

सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी अपनी मां सोनिया गांधी की सीट रायबरेली से और राहुल गांधी फिर से अमेठी से चुनाव लड़ सकते हैं। स्मृति ईरानी वर्तमान में अमेठी से सांसद हैं। 2019 में राहुल गांधी को इस सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, सोनिया गांधी की भी तबीयत ठीक नहीं है। पिछली बार भी उनके चुनाव प्रचार की कमान प्रियंका गांधी ने संभाली थी। इसलिए ऐसी संभावना है कि इस बार सोनिया गांधी चुनाव नहीं लड़ेंगी और उनकी सीट पर प्रियंका गांधी को मैदान में उतारा जा सकता है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, रायबरेली और अमेठी के कार्यकर्ता लगातार गांधी परिवार के संपर्क में हैं। राहुल और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के शीर्ष नेता इस समय पांच राज्यों में चल रहे चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। इन राज्यों में चुनाव के बाद यूपी में आगे की रणनीति तय की जाएगी। जिसके बाद तस्वीर साफ हो जाएगी कि प्रियंका रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी या नहीं।