प्रेमी के साथ मिलकर की थी पति की हत्या, अब नये ‘प्रेमी’ ने कर दी ‘प्रेमिका’ की हत्या

crime

सोनभद्र: कहते हैं बुरे कर्मों का नतीजा हमेशा बुरा ही होता है। अगर आप किसी के साथ गलत करते हैं तो आपको बुरा परिणाम जरूर मिलता है। ऐसा ही एक मामला सोनभद्र में सामने आया है। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के पूर्वी मोहाल इलाके में 11 मार्च को एक खाली प्लाट में एक महिला का शव मिला था।

महिला की पहचान विंढमगंज निवासी ममता श्रीवास्तव के रूप में हुई। उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में महिला के दूसरे प्रेमी नंदू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि महिला ने अपने पहले प्रेमी के साथ मिलकर साल 2021 में अपने पति राजीव कुमार की हत्या कर दी थी। इस मामले में वह जमानत पर थी।

इसी दौरान उसका संबंध अपने दूसरे प्रेमी नंदू यादव से हो गया. महिला अपने नए प्रेमी के साथ राबर्ट्सगंज कस्बे में रह रही थी। पुलिस ने बताया कि महिला अपने नये प्रेमी पर शादी करने का दबाव बना रही थी।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वह उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश भी कर रही थी। इसके चलते दूसरे प्रेमी ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को खाली प्लॉट में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए महिला के दूसरे प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

नंदू यादव ममता के साथ रहता था

सीओ सिटी राहुल पांडे ने बताया कि ममता श्रीवास्तव मूल रूप से झारखंड के पलामू गांव की रहने वाली थीं। उसकी शादी सोनभद्र के विंढमगंज थाना क्षेत्र के फुलवार गांव में राजीव कुमार से हुई थी।

साल 2021 में ममता ने अपने पहले प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या को अंजाम दिया था. इस मामले में पुलिस ने मृतिका और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया था और हत्या का मामला दर्ज किया था। बाद में महिला को कोर्ट से जमानत मिल गई। महिला वर्तमान में राबर्ट्सगंज में रह रही थी। उसका दूसरा प्रेमी नंदू यादव भी उसके साथ रहता था।