Politics | लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रही है, जो बेहद शर्मनाक है : खड़गे

Mallikarjun Kharge on Joshimath

Politics | बिहार और झारखंड के हालिया राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को राज्यसभा में तल्ख टिप्पणी की है। उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जो बेहद शर्मनाक है।

उन्होंने कहा है कि जब झारखंड के मुख्यमंत्री ने इस्तीफा दिया था तो उन्होंने नये मुख्यमंत्री के नाम के साथ समर्थकों की सूची भी दी थी. आम तौर पर सूची देने के तुरंत बाद ‘वोट ऑफ कॉन्फिडेंस’ मांगा जाता है, लेकिन इस मामले में ‘वोट ऑफ कॉन्फिडेंस’ लेने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है।

दूसरी ओर, जब नीतीश कुमार जी ने इस्तीफा दिया था, तो उन्हें तुरंत शपथ दिलाई गई थी। इस लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने बिहार में राज्यपाल द्वारा दिखाई गई जल्दबाजी और झारखंड में देरी पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

इस बीच कर्नाटक कांग्रेस सांसद डीके सुरेश की आपत्तिजनक टिप्पणी पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सफाई दी है. कांग्रेस के एक सांसद ने कथित तौर पर दक्षिणी राज्यों के लिए अलग राष्ट्र को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके कारण शुक्रवार को राज्यसभा में हंगामा हुआ।

बीजेपी सांसदों ने कांग्रेस सांसद के इस बयान को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता पर हमला बताया और कांग्रेस से स्पष्टीकरण की मांग की। राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने इसे लेकर कांग्रेस पर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित राज्य के डिप्टी सीएम के भाई ने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक बयान दिया है, ऐसा बयान देने वाला भी कांग्रेस सांसद है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति देश को तोड़ने की बात करेगा तो कांग्रेस पार्टी उसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगी. चाहे वो मेरी पार्टी से हों या किसी और पार्टी से। उन्होंने कहा कि इस देश की एकता के लिए, कोई कहे या न कहे, मैं मल्लिकार्जुन खड़गे से कहूंगा कि कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक भारत एक है और एक रहेगा।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस के कई नेताओं ने इस देश की एकता और अखंडता के लिए बलिदान दिया है। पूर्व प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपना बलिदान दिया है। खड़गे ने बीजेपी नेताओं पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या उनके नेताओं ने कभी देश के लिए कोई बलिदान दिया है? उन्होंने कहा कि अगर सदस्य ने ऐसा कुछ कहा है तो उसका वीडियो सत्ता पक्ष लोकसभा में लाकर उजागर कर सकता है।