कांग्रेस में बड़े बदलाव : प्रियंका गांधी की जगह अविनाश पांडे को यूपी, पायलट को छत्तीसगढ़ और राजीव शुक्ला को हिमाचल-चंडीगढ़ का प्रभार सौंपा

Big changes in Congress | अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने अपने संगठन में बड़े बदलाव करने का फैसला किया है। इस फेरबदल के तहत प्रियंका गांधी वाद्रा की जगह अविनाश पांडे को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। वहीं राजीव शुक्ला को हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ का प्रभार सौंपा गया है।

प्रियंका गांधी को फिलहाल कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई है। जयराम रमेश को संचार और केसी वेणुगोपाल को संगठन की जिम्मेदारी मिली है। शनिवार को दिल्ली में हुई नेशनल अलायंस कमेटी की बैठक के बाद पार्टी ने जानकारी साझा की है. उत्तर प्रदेश में इस बार पार्टी ने ब्राह्मण चेहरा आगे बढ़ाया है।

इसके अलावा मुकुल वासनिक को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है. जितेंद्र सिंह को असम का प्रभारी नियुक्त किया गया है और उन्हें मध्य प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। रणदीप सिंह सुरजेवाला को कर्नाटक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा सचिन पायलट को छत्तीसगढ़ और कुमारी शैलजा को उत्तराखंड की कमान सौंपी गई है।

दीपक बाबरिया को दिल्ली का प्रभारी बनाया गया है। उन्हें हरियाणा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं, जीए मीर को झारखंड का प्रभारी बनाया गया है और पश्चिम बंगाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। दीपा दास मुंशी को केरल और लक्षद्वीप की जिम्मेदारी मिली है और साथ ही उन्हें तेलंगाना का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है।

इन नेताओं को बनाया गया प्रभारी

इसके साथ ही रमेश चेनिथला को महाराष्ट्र, मोहन प्रकाश को बिहार, सुखजिंदर सिंह रंधावा को राजस्थान और देवेंद्र यादव को पंजाब की जिम्मेदारी मिली है। डॉ. चेल्लाकुमार को मेघालय, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। भरत सिंह सोलंकी को जम्मू-कश्मीर की कमान सौंपी गई है।

पार्टी ने माणिकराव ठाकरे को गोवा, दमन और दीव तथा दड़का और नगर हवेली का प्रभारी बनाया है। गिरीश चोदनकर को त्रिपुरा, सिक्किम, मणिपुर और नागालैंड की जिम्मेदारी दी गई है। मणिकम टैगोर को आंध्र प्रदेश और अंडमान निकोबार का प्रभारी बनाया गया है। गुरदीप सिंह सप्पल को प्रशासन प्रभारी बनाया गया है।