पुणे में प्रिया सिंह को कार से कुचलने के मामले में अश्वजीत गायकवाड़ समेत 3 गिरफ्तार, एसआईटी ने जब्त की कार

Ashwajit Gaikwad for crushing Priya Singh with a car in Pune, SIT seized the car
फोटो साभार: प्रिया सिंह इंस्टा अकाउंट

Ashwajit Gaikwad | ठाणे पुलिस ने महाराष्ट्र की सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर प्रिया सिंह ( Maharashtra social media influencer Priya Singh) के बॉयफ्रेंड अश्वजीत गायकवाड़ को उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। अश्वजीत के साथ उनके दो अन्य आरोपियों- रोमिल पाटिल और सागर शेडगे को ठाणे पुलिस ने रविवार (17 दिसंबर 2023) को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी ठाणे के रहने वाले हैं।

अपराध में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और लैंड रोवर डिफेंडर को भी जब्त कर लिया गया है। 26 साल की प्रिया ने हाल ही में अपने बॉयफ्रेंड अश्वजीत गायकवाड़ पर झगड़े के बाद कार से कुचलने का आरोप लगाया था। इसके बाद अश्वजीत ने प्रिया पर नशे में होने और मारपीट करने का आरोप लगाया था।

आपको बता दें कि अश्वजीत पर लगे आरोपों की जांच के लिए ठाणे पुलिस कमिश्नर जयजीत सिंह ने डीसीपी अमर सिंह जाधव के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। अश्वजीत भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के पदाधिकारी हैं और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार गायकवाड़ के बेटे हैं।

गिरफ्तारी करने वाली एसआईटी के प्रमुख अमर सिंह ने कहा, “इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के नाम अश्वजीत गायकवाड़, रोमिल पाटिल और सागर शेडगे हैं। हमने 4 पहिया वाहन जब्त कर लिया है। आगे की जांच चल रही है. आरोपी को सोमवार (18 दिसंबर 2023) को कोर्ट में पेश किया जाएगा।”

इस मामले में शिकायत के बाद प्रिया ने कहा था, ”11 दिसंबर 2023 को मैं ठाणे के घोड़बंदर रोड के पास एक होटल में अश्वजीत गायकवाड़ से मिलने गई थी। उसने मुझ पर हमला किया और अपनी एसयूवी से मुझे कुचलने की कोशिश की। कासारवडावली पुलिस ने मामला दर्ज किया, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।”

इस मामले में आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने धारा 279 (रैश ड्राइविंग), 323 (जानबूझकर से चोट पहुँचाना), 338 (गंभीर चोट पहुँचाना), 504 (किसी को उकसाने के लिए जानबूझकर उसका अपमान करना) और 34 (सामान्य इरादे को आगे बढ़ाने के लिए कई लोगों के किए गए काम) के तहत एफआईआर दर्ज की थी।

पुलिस ने कहा, गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। जांच के दौरान अगर और तथ्य सामने आए तो आरोपियों के खिलाफ और धाराएं जोड़ी जाएंगी। इस बीच, प्रिया की वकील दर्शना पवार का कहना है कि उन्होंने पुलिस से आरोपियों पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाने का अनुरोध किया था, लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं किया।

प्रिया सिंह

प्रिया ने कहा था कि, वह गायकवाड़ के साथ रिलेशनशिप में थीं और उन्हें नहीं पता था कि गायकवाड़ शादीशुदा हैं। जब उन्हें इसके बारे में पता चला तो उन्होंने इसके बारे में पूछा। इस पर अश्वजीत ने कहा कि, वह अपनी पत्नी से अलग हो चुका है और अब पीड़िता से शादी करना चाहता है। प्रिया का कहना है कि घटना वाले दिन अश्वजीत के साथ उसकी पत्नी भी थी।

प्रिया का आरोप है कि, “जब उसकी अश्वजीत से बहस हुई तो वह आक्रामक हो गया और उस पर हमला कर दिया। प्रिया के मुताबिक, वह अपनी कार से अपना बैग लेने गई थी, तभी अश्वजीत, उनके दोस्त रोमिल पाटिल और ड्राइवर सागर शेडगे ने कार चला दी, जिससे मैं घायल हो गई।”