विष्णु राज ने मशहूर यूट्यूबर मालती चौहान की शादी अर्जुन वर्मा से कराई थी, क्या है सच्चाई

YouTuber Malti Chauhan

संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के काली जगदीशपुर गांव में बुधवार की रात मशहूर यूट्यूबर मालती चौहान (YouTuber Malti Chauhan) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके कमरे में लटकता मिला। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर पति को दहेज हत्या के आरोप में शुक्रवार को जेल भेज दिया। नया मोड़ तब आ गया जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मालती की मौत फांसी लगाने से होने की पुष्टि हुई।

ये है पूरा मामला

मालती चौहान की शादी करीब चार साल पहले महुली थाना क्षेत्र के काली जगदीशपुर निवासी विष्णु राज से हुई थी। शादी के बाद से मालती चौहान और विष्णु राज यूट्यूब और फेसबुक पर साथ में वीडियो बनाते थे। कुछ ही समय में मालती चौहान और विष्णु राज की लोकप्रियता बढ़ गई।

कुछ माह से पति-पत्नी के बीच विवाद  

विष्णु राज और उसकी पत्नी मालती के बीच पिछले दो-तीन महीने से अनबन चल रही थी। मामला कई बार थाने तक भी गया था। 10 दिन पहले विष्णु राज ने अपनी पत्नी मालती चौहान की शादी नाथनगर महुली निवासी अर्जुन वर्मा से की थी।

जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। बाद में दोनों के बीच सुलह समझौता होने के बाद वह पुन: काली जगदीशपुर स्थित विष्णु राज के घर आ गयी। इसके बाद उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। इस मामले में मालती के पिता दीपचंद्र की शिकायत पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

सोशल मीडिया पर शोक की लहर

कम समय में यूट्यूब और फेसबुक पर पॉपुलर हुईं मालती चौहान ने सभी को अलविदा कह दिया। उनके निधन पर प्रदेश ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में फैले प्रशंसक सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।