Elon Musk का बड़ा कदम, Twitter हुआ X, बदला नाम और लोगो, सुपर ऐप होगा ‘X’

Elon Musk's big move, Twitter becomes X, name and logo changed, super app will be 'X'

Twitter अब X बन गया है। X.com ओपन करते ही आप ट्विटर पर पहुंच जाएंगे। ट्विटर का लोगो बदल दिया गया है। अब आपको चिड़िया की जगह X दिखाई देगा। अब आप ट्वीट नहीं करेंगे, शायद Xweet करेंगे। दरअसल, ट्विटर के मालिक एलन मस्क ने ट्विटर ब्रांड को खत्म करने की तैयारी पूरी कर ली है और अब इस माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म का एक नया युग शुरू हो गया है।

Twitter का नाम बदलकर X कर दिया गया है, जिसे वेब प्लेटफॉर्म पर आसानी से देखा जा सकता है। अब Twitter के एंड्रॉइड ऐप का लोगो बदल दिया गया है। आप इसे गूगल प्लेस्टोर पर पा सकते हैं।

हालांकि एंड्रॉइड ऐप का यूजर इंटरफेस अभी भी पुराना दिख रहा है और साइड में पुराना लोगो भी मौजूद है। इसमें बदलाव कब होगा, इसके बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। ध्यान देने वाली बात यह है कि IOS प्लेटफॉर्म का लोगो नहीं बदला है।

अपडेटेड लोगो को Google Play Store लिस्टिंग पर दिखाया गया है। सभी तस्वीरें ब्लैक इंटरफेस में दिखाई गई हैं, जिसे डार्क थीम भी कहा जा सकता है। हालांकि, आम यूजर्स तक यह कब पहुंचेगा, इसके बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ध्यान देने वाली बात यह है कि ट्विटर की ब्रांडिंग कंपनी के ट्विटर लाइट ऐप में मौजूद है।

हालांकि इस ऐप पर आखिरी अपडेट मई 2021 का है। इस हफ्ते की शुरुआत से ही ट्विटर पर नाम और लोगो से जुड़े बदलाव हो रहे हैं. सबसे पहले ट्विटर के अकाउंट का नाम बदलकर X कर दिया गया है।

इसके बाद बुधवार को ट्विटर हैंडल @twitter को बदलकर @X कर दिया गया है. बता दें कि इस बदलाव का संकेत ट्विटर के बॉस एलन मस्क ने रविवार को ट्वीट करके दिया था।

क्या है एलन मस्क की योजना?

Twitter का लोगो और नाम बदल दिया गया है, अब चिड़िया की जगह X दिखाई देगा, हालाँकि twitter.com डोमेन मौजूद है।

अभी भी सवाल बरकरार

Twitter पोस्ट को ट्वीट के नाम से जाना जाता है, लेकिन क्या नाम बदलने के साथ ट्वीट का नाम भी बदल जाएगा? इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

अप्रैल से ही बदलाव शुरू  

हमने आपको कई महीने पहले बताया था कि Twitter पूरी तरह से बदलने वाला है। एलन मस्क एक्स नाम के प्लेटफॉर्म पर सिर्फ ट्विटर ही नहीं बल्कि अन्य सेवाएं भी मुहैया कराएंगेहै। एलन मस्क ने बहुत पहले ही ट्विटर को एक्स कॉर्प में तब्दील कर दिया था। इस साल अप्रैल से, ट्विटर ने अपने साझेदारों से आधिकारिक लेनदेन के लिए एक्स कॉर्प नाम का उपयोग करने के लिए कहा था।

एक्स फैक्टर का कारण

X को लाने के पीछे एलन मस्क की बड़ी योजना है, मोटे तौर पर कहें तो उन्हें इस प्लेटफॉर्म से ज्यादा से ज्यादा रेवेन्यू जेनरेट करना है। मस्क ने ट्विटर खरीदते वक्त ही अपना प्लान साफ कर दिया था। उन्होंने कहा था कि ट्विटर को खरीदना X की शुरुआत की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।

Twitter काफी समय से घाटे में है और एलन मस्क ने इसे काफी पैसे देकर खरीदा है, तो जाहिर है वह भी खूब पैसे कमाना चाहेंगे, लेकिन उन्हें यह भी पता है कि यह काम सिर्फ Twitter से नहीं हो सकता, इसलिए उन्होंने अपनी रणनीति के मुताबिक बड़े बदलाव करना शुरू कर दिया है।

पहले Twitter ब्लू के व्हेरिफिकेशन के लिए पैसा और अब यह नया दांव खेला है। एलन मस्क ने कहा है कि, जल्द ही ट्विटर ब्रांड को चरणबद्ध तरीके से खत्म कर दिया जाएगा और इसकी जगह X ले लिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने नए लोगो का डिजाइन भी जारी किया।

X सुपर ऐप की तरह काम करेगा

Elon Musk को चीनी ऐप वी चैट (WeChat) काफी पसंद है और उन्होंने काफी पहले ही कहा था कि वह WeChat जैसा कुछ लाना चाहते हैं। आपको बता दें कि WeChat चीन का एक सुपर ऐप है जहां हर तरह की सेवाएं उपलब्ध हैं।

सुपर ऐप की अवधारणा यह है कि एक ही ऐप में अलग-अलग सेवाएं। जैसे कि सोशल मीडिया, भुगतान सेवा, टिकट बुकिंग सेवा, गेमिंग सेवा और अन्य उपयोगिता आधारित सेवा प्रदान की जाती है।

X.com पर सिर्फ ट्विटर ही नहीं बल्कि एलन मस्क अपनी अन्य कंपनियों को भी रीडायरेक्ट कर सकते हैं। Tesla, SpaceX, Neuralink, The Boring Company से लेकर Starlink तक, एलन मस्क अपने अन्य प्रोजेक्ट्स को भी X.com डोमेन पर शिफ्ट कर सकते हैं, यानी X.com खोलने पर एलन मस्क की सभी कंपनियों का इंटरफेस खुल सकता है।

हालांकि ये अभी तक स्पष्ट नहीं है। एलन मस्क ने कहा है कि, X एक ऐसा शब्द है जहां सब कुछ किया जा सकता है। आने वाले समय में X प्लेटफॉर्म पर कई अलग-अलग सेवाएं प्रदान की जा सकती हैं।

X के रूप में Twitter का नया युग 

अब यह आधिकारिक हो गया है कि इस माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट का नया युग शुरू हो गया है। पुराने लोगो और ब्रांड को धीरे-धीरे पूरी तरह से ख़त्म कर दिया जाएगा। एलन मस्क ने एक इंटरनल ईमेल में अपने कर्मचारियों से Twitter की जगह X नाम का इस्तेमाल करने को कहा है।