Crime News : बिहार के नालंदा के नूरसराय थाना क्षेत्र में अवैध संबंध और पैसे के शक में देवर ने बड़े भाई की पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि घटना के बाद शव को फंदे से लटका दिया गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, आशा देवी की शादी छह साल पहले जहानाबाद इलाके के ओखरी गांव निवासी अर्जुन रविदास से हुई थी। आशा अपने परिवार के साथ नूरसराय थाना क्षेत्र के अजनौरा गांव में किराये पर रहती थी, दो दिन पहले ही वह गांव लौटी थी।
आशा के देवर ने आशा को गांव के किसी व्यक्ति से बात करते हुए देख लिया था, जिसके बाद विवाद हो गया और देवर ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि आशा के देवर ने उसे फांसी पर लटका दिया और पूरे परिवार के साथ घर छोड़कर भाग गया।
आसपास के लोगों ने माता-पिता की खबर दी
इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने आशा के मायके वालों को घटना की जानकारी दी। आनन-फानन में मायके वाले मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता का आरोप है कि, अवैध संबंध के शक में देवर ने पीट-पीटकर हत्या कर दी और पूरी घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।
घटना पर क्या बोले थानाध्यक्ष?
नूरसराय थानाध्यक्ष कुणाल चंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के मायके वालों की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पिता ने महिला के जीजा पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। ससुराल के सभी लोग गांव छोड़कर फरार हैं। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में जुटी हुई है।