कांग्रेस कर्नाटक में शांति की दुश्मन है, वह विकास की दुश्मन है : पीएम मोदी

Congress is enemy of peace in Karnataka, it is enemy of development: PM Modi

Karnataka Election 2023: कर्नाटक में विधानसभा के लिए 10 मई को वोटिंग होनी है। सभी पार्टियों के नेताओं ने चुनाव प्रचार के लिए कमर कस ली है। पीएम मोदी बीजेपी के लिए चुनावी रैली भी कर रहे हैं। इसी क्रम में आज दक्षिण कर्नाटक के मुदबिद्री में ‘बजरंगबली की जय’ के नारे के साथ उन्होंने कांग्रेस पर जमकर सियासी हमले तेज कर दिए है।

पीएम मोदी ने कहा, हमारा प्रयास है कि कर्नाटक औद्योगिक विकास में नंबर-1 बने, हमारा प्रयास है कि कर्नाटक कृषि विकास में नंबर-1 बने, हमारा लक्ष्य है कि कर्नाटक स्वास्थ्य और शिक्षा में नंबर-1 बने। लेकिन कांग्रेस चाहती है कि दिल्ली में बैठा उनका शाही परिवार उस परिवार के लिए कर्नाटक को एटीएम नंबर 1 बनाना चाहता है।

कांग्रेस है शांति की दुश्मन 

जो लोग अपने जीवन में पहली बार मतदान करने जा रहे हैं, वे कर्नाटक का भविष्य तय करने जा रहे हैं। मेरे बेटे-बेटियां जो पहली बार वोट देने जा रहे हैं, अगर आपको अपना करियर बनाना है तो अपने मन का काम कीजिए, ये तो कभी भी कांग्रेस से नहीं हो पाएगा।

यदि कर्नाटक में अस्थिरता रहती है, तो आपका भाग्य और करिअर भी अस्थिर रहेगा। कांग्रेस कर्नाटक में शांति की दुश्मन है, वह विकास की दुश्मन है, कांग्रेस आतंक के आकाओं की रक्षा करती है और तुष्टिकरण को बढ़ावा देती है।

कांग्रेस की बांटो और राज करो की राजनीति  

जहां भी लोग देश में शांति और प्रगति चाहते हैं, वे सबसे पहले अपने राज्य से कांग्रेस को बाहर करते हैं। समाज में शांति हो तो कांग्रेस चुप नहीं बैठ सकती, देश आगे बढ़े तो कांग्रेस बर्दाश्त नहीं कर सकती।

कांग्रेस की पूरी राजनीति फूट डालो और राज करो पर आधारित है। कांग्रेस का यह खौफनाक चेहरा कर्नाटक की जनता ने खुद देखा है। पूरा देश हमारे सैनिकों का सम्मान करता है। उनका सम्मान करता है जबकि कांग्रेस हमारी सेना का अपमान करती है।

हमारे सैनिकों का अपमान करती है। आज पूरी दुनिया भारत में लोकतंत्र और विकास को सम्मान दे रही है, लेकिन कांग्रेस उलटे गियर में दुनिया भर में घूम-घूम कर देश को बदनाम कर रही है।