असम में राहुल गांधी के काफिले पर हमला, अखिलेश यादव ने की निंदा

Attack on Rahul Gandhi's convoy in Assam, Akhilesh Yadav condemned

Attack on Rahul Gandhi’s Convoy in Assam| कांग्रेस ने शनिवार 20 जनवरी को आरोप लगाया कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के काफिले की गाड़ियों पर भाजपा के गुंडों ने लखीमपुर (असम) में हमला किया। कांग्रेस “टारगेटेड हमला” करने के लिए भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने जा रही है।

कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा- असम के लखीमपुर में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के काफिले पर बीजेपी के गुंडों ने हमला किया।

बीजेपी के गुंडों ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के पोस्टर-बैनर फाड़े और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। यह कायरतापूर्ण और शर्मनाक कृत्य दर्शाता है कि भाजपा सरकार ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को मिल रहे प्यार और जनसमर्थन से घबरा गयी है और डर गयी है। लेकिन, मोदी सरकार और उसके इशारों पर चलने वाले असम के सीएम को ये बात अच्छी तरह समझ लेनी चाहिए- ये भारत की यात्रा है, अन्याय के विरुद्ध न्याय की यात्रा है।

‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को कोई ताकत नहीं रोक सकती। सफर जारी रहेगा, जब तक हमें न्याय का अधिकार नहीं मिल जाता। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी फेसबुक पर ऐसा ही पोस्ट किया है। दोनों ट्विटर हैंडल पर घटना से जुड़े वीडियो और फोटो पोस्ट किए गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर इसकी निंदा की। अखिलेश ने कहा- बीजेपी शासित राज्य असम में लोकतांत्रिक ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर हमला बेहद निंदनीय है। हर तरह से हार रही बीजेपी अब पूरी तरह से निराश हो चुकी है और इसीलिए हिंसा पर उतारू है, ‘हिंसा’ मानसिक कुंठा का भौतिक रूप है।

अखिलेश की यह प्रतिक्रिया अहम मानी जा रही है। क्योंकि भारत में गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच मतभेद की खबरें लगातार मीडिया में आ रही थीं। लेकिन अखिलेश की प्रतिक्रिया ने ऐसी सभी खबरों को जवाब दे दिया है।

अखिलेश की प्रतिक्रिया इस लिहाज से भी अहम है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी जिलों में 11 दिनों तक चलने वाली है। हालांकि, कांग्रेस नेताओं के मुताबिक यह घटना शुक्रवार देर रात की है लेकिन इसकी जानकारी सुबह हुई।

कांग्रेस ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीर को विरूपित करने और राहुल गांधी की तस्वीर वाले बैनर और कटआउट को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस ने हमले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की भी मांग की।असम कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने लखीमपुर में हुई घटना की पुष्टि की।

‘असम कांग्रेस अध्यक्ष बोरा ने कहा कि वाहन पर हमला असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के “निर्देश” पर हुआ। उन्होंने कहा, “यात्रा के लिए राहुल गांधी के कटआउट ले जा रहे ट्रकों पर लखीमपुर में हमला किया गया और तोड़फोड़ की गई।’

राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर में शुरू हुई और 20 या 21 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। यह 15 राज्यों के 110 जिलों से गुजरते हुए 67 दिनों में 6,713 किमी की दूरी तय करेगी। असम में यात्रा चरण गुरुवार को शुरू हुआ और 25 जनवरी तक जारी रहेगा, जो 17 जिलों में 833 किमी की दूरी तय करेगा।