आतिशी ने कहा, हो रही है दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाने की साजिश

Aam Aadmi Party leader Atishi

Aam Aadmi Party Leader Atishi | दिल्ली की मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता आतिशी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और दिल्ली के एलजी पर कई आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया है कि दिल्ली की जनता द्वारा चुनी गई, अरविंद केजरीवाल की सरकार को गिराने की बड़ी साजिश रची जा रही है।

उन्होंने कहा कि, हमें विश्वस्त सूत्रों से पता चला है कि आने वाले कुछ दिनों में बीजेपी शासित केंद्र सरकार दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाने जा रही है। पिछले कुछ दिनों से इसके कई संकेत दिख रहे हैं। दिल्ली सरकार के कई विभाग खाली हैं लेकिन गृह मंत्रालय द्वारा आईएएस अधिकारियों की तैनाती नहीं की जा रही है, दिल्ली के अंदर कोई ट्रांसफर पोस्टिंग नहीं हो रही है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर ये लोग दिखाना चाहते हैं कि यहां संवैधानिक संकट पैदा हो गया है। बिना वजह दिल्ली की चुनी हुई सरकार के खिलाफ एलजी की ओर से एमएचए को पत्र लिखे जा रहे हैं। चुनाव की घोषणा के बाद दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने आचार संहिता का बहाना बनाकर किसी भी बैठक में शामिल होना बंद कर दिया है। मुद्दे चाहे कितने भी महत्वपूर्ण क्यों न हों।

उन्होंने कहा कि कैसे एक पुराना मामला उठाकर सीएम अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव को बर्खास्त कर दिया गया है। ये सब संकेत हैं कि केंद्र की बीजेपी सरकार दिल्ली में चुनी हुई सरकार को गिराकर राष्ट्रपति शासन लगाना चाहती है। आतिशी ने कहा कि, दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाना जनता और संविधान का अपमान होगा। दिल्ली विधानसभा में अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की सरकार के पास स्पष्ट बहुमत है। केंद्र में बैठी भाजपा सरकार दिल्ली की जनता के हित में किए जा रहे काम को रोकने के लिए राष्ट्रपति शासन लगाना चाहती है।

चल रही है सरकार गिराने की साजिश

आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अरविंद केजरीवाल को बिना किसी सबूत के फर्जी मामले में गिरफ्तार किया गया है क्योंकि दिल्ली की चुनी हुई सरकार को गिराने की साजिश चल रही है। पिछले कुछ महीनों में उठाए गए कई कदमों को देखें तो समझ आता है कि यह एक सोची-समझी साजिश है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के बेटे अरविंद केजरीवाल को फर्जी मामले में ईडी और केंद्र की बीजेपी सरकार ने गिरफ्तार किया है। दिल्ली के लोग अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी से प्यार करते हैं। 2013, 2015, 2020 के विधानसभा चुनाव और 2022 के एमसीडी चुनाव में जनता ने हमें अपार समर्थन दिया।

बीजेपी को पता चल गया है कि वह दिल्ली में चुनाव नहीं जीत सकती, इसलिए अब वह अरविंद केजरीवाल की चुनी हुई सरकार को गिराकर राष्ट्रपति शासन लगाना चाहती है। आतिशी ने कहा कि दिल्ली की सम्मानित जनता ने अरविंद केजरीवाल की सरकार को अपना स्पष्ट बहुमत और जन समर्थन दिया है।

अरविंद केजरीवाल की सरकार ने दिल्ली की जनता के लिए काम किया है। उन्हें मुफ्त बिजली और पानी दिया गया है। आपकी सरकार ने दिल्ली के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा और प्रति माह 1000 रुपये की वित्तीय सहायता दी है। दिल्ली की जनता को मिलने वाले लाभ और सुविधाओं को रोकने के लिए भाजपा यहां अवैध तरीके से राष्ट्रपति शासन लगाना चाहती है।